टीआरपी डेस्क। बिलासपुर पुलिस ने सूखे नशे (हेरोइन) के एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को तोड़ने में सफलता हासिल की है, जिसके तार सीधे पाकिस्तान से जुड़े हैं। पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से नशे के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जिसका ठिकाना भारत-पाक सीमा से महज 200 मीटर की दूरी पर है। जांच में खुलासा हुआ है कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई मौत की खेप बिलासपुर के युवाओं तक पहुंचाई जा रही थी।

ड्रोन से पंजाब और फिर ट्रेन से बिलासपुर

मामले का खुलासा तब हुआ जब चकरभाठा पुलिस और ACCU की टीम ने मोहित हिंदूजा, करन दीप सिंह और आर. रजिंदर कुमार को 34 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा। पूछताछ में पता चला कि असली खिलाड़ी पंजाब में बैठा है। बिलासपुर पुलिस की टीम ने पंजाब के तरनतारन स्थित खेमकरण क्षेत्र में दबिश देकर 63 वर्षीय बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे को गिरफ्तार किया। आरोपी का घर अंतरराष्ट्रीय सीमा के इतना करीब है कि वहां पाकिस्तान से आने वाले ड्रोनों की हलचल साफ रहती है।

See also  मरवाही उपचुनाव: "प्रतिष्ठा का सवाल", भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने, CM भूपेश बोले- BJP और JCCJ का गठजोड़ सालों पुराना, पूर्व CM रमन बोले- कांग्रेस की जब्त होगी जमानत

होली पर सूखे नशे की पार्टियों पर पुलिस की नजर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, होली पर्व के दौरान शराब और गांजा के अलावा हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स की मांग बढ़ जाती है। आशंका जताई जा रही है कि त्योहार से पहले नशे की एक बड़ी खेप बिलासपुर पहुंचने वाली थी, जिसे हाई-प्रोफाइल पार्टियों और आयोजनों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब उन खरीदारों की लिस्ट भी तैयार कर रही है जो इस सिंडिकेट के संपर्क में थे।

ट्रांजिट रिमांड पर मास्टरमाइंड, कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस

सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह ने बताया कि मुख्य सप्लायर को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है। उसे एनडीपीएस (NDPS) कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बिलासपुर में और कौन-कौन से लोग इस नेटवर्क का हिस्सा हैं और अब तक कितनी खेप शहर में खपाई जा चुकी है।