Blast In Faridabad Factory: फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद अंतर्गत सेक्टर-24 स्थित कालका केमिकल फैक्ट्री में सोमवार शाम अचानक भीषण आग लगी। कंपनी में मेटल शीट कटिंग के लिए सीएनसी मशीनें लगी हैं। शाम में कर्मचारी काम कर रहे थे, तभी वहां रखे केमिकल ड्रम में धमाका हो गया। इसके बाद कई ड्रम फटते चले गए।
Blast In Faridabad Factory: आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। हादसे में 5 पुलिसकर्मी सहित 35 लोग झुलस गए हैं। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फैक्ट्री के बाहर सड़क तक आग पहुंच गई। वहां खड़ीं कई गाड़ियां जल गईं। इससे अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद कर्मचारी जान बचाने के लिए भागने लगे। कई कर्मचारी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
Blast In Faridabad Factory: दमकल की 12 गाड़ियां मौजूद
सूचना मिलते दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया। आग भीषण थी, जो बाहर तक फैल गई थी। राहत बचाव कार्य में जुटे दो पुलिस कर्मी और तीन दमकल कर्मी भी झुलस गए। इसके बाद 10 गाड़ियां और बुला ली गईं। इसके बाद टीमों ने बचाव कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया।
Blast In Faridabad Factory: खाली कराया गया आसपास का इलाका
केमिकल भरे ड्रम में लगातार धमाके होने से पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली कराया है। फरीदाबाद के चीफ मेडिकल ऑफिसर जयंत आहूजा ने बताया है कि अब तक 35 लोगों के जलने की सूचना मिली है। 12 लोग सरकारी अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। अस्पताल प्रशासन ने तमाम डॉक्टर को बुलाया था। बेड खाली करवाकर घायलों का इलाज किया जा रहा है।



