टीआरपी डेस्क। टी20 विश्व कप 2026 के महामुकाबले में भारत ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत ने न केवल सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है, बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत भी दर्ज की। इस जीत का जश्न जहां पूरे देश में मनाया जा रहा है, वहीं दिल्ली पुलिस ने एक बेहद ही रचनात्मक अंदाज में पाकिस्तान की फजीहत कर दी है।
ईशान का तूफान और गेंदबाजों का दम
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने ईशान किशन के धमाकेदार अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पूरी पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में महज 114 रन पर ऑलआउट हो गई। दिलचस्प बात यह रही कि पाकिस्तान पूरे 20 ओवर भी क्रीज पर टिक नहीं सका।
दिल्ली पुलिस का वायरल ‘यू-टर्न’ तंज
मैच खत्म होते ही दिल्ली पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया जो देखते ही देखते वायरल हो गया। पुलिस ने पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों की तस्वीर के साथ लिखा- ‘गलत जगह यू-टर्न लोगे तो यूं ही मुंह की खाओगे।’ दरअसल, पाकिस्तान ने पहले भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया था, लेकिन बाद में ICC की कार्रवाई के डर से ‘यू-टर्न’ लेते हुए खेलने को तैयार हुआ था। दिल्ली पुलिस ने इसी बहाने सड़क सुरक्षा का पाठ भी पढ़ा दिया और पाकिस्तान की ‘किरकिरी’ पर चुटकी भी ले ली।


