हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन, मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान पर खुला। बीएसई सेंसेक्स 79.48 अंकों (0.10%) की कमजोरी के साथ 83,197.67 पर, जबकि एनएसई निफ्टी 44.80 अंकों (0.17%) के नुकसान के साथ 25,637.95 के स्तर पर खुला।

बाजार का हाल: निफ्टी की 39 कंपनियां लाल निशान में

मंगलवार सुबह बाजार में बिकवाली का दबाव साफ नजर आया। सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में से केवल 9 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ खुले, जबकि 21 कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी 50 का हाल और भी चिंताजनक रहा, जहाँ 39 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ खुले और महज 11 कंपनियां ही हरे निशान में कारोबार शुरू कर पाईं।

एशियन पेंट्स के शेयर आज सबसे अधिक 1.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ चमके, जबकि क्वालिटी वॉल्स इंडिया के शेयरों में 3.42 प्रतिशत की बड़ी गिरावट देखी गई। दिग्गज कंपनियों जैसे रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में भी शुरुआती सुस्ती रही।

See also  Share Market Today: ट्रंप के एक ऐलान से शेयर बाजार में आया सुनामी जैसा उछाल, निवेशकों ने कुछ ही घंटों में कमाए 15 लाख करोड़; सेंसेक्स 2800 अंक चढ़ा

कौन से शेयर रहे मुनाफे और घाटे में?

आईटी सेक्टर की कुछ कंपनियों ने बाजार को संभालने की कोशिश की। सेंसेक्स में बीईएल (1.22%), इंफोसिस (0.82%) और आईटीसी (0.53%) जैसे शेयरों में तेजी दिखी। दूसरी ओर, एटरनल (1.77%), ट्रेंट (1.03%) और अल्ट्राटेक सीमेंट (0.86%) जैसे बड़े नाम गिरावट वाले शेयरों की सूची में शीर्ष पर रहे। बैंकिंग सेक्टर में भी आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक मामूली कमजोरी के साथ ट्रेड करते नजर आए।

हालांकि थोड़ी देर बाद बाजार में बढ़ोतरी देखी गई। खबर लिखे जाने तक (10:17 AM) सेंसेक्स 69 अंकों की बढ़त के साथ 83,346.17 पर कारोबार कर रहा था।