टीआरपी डेस्क। भारतीय शेयर बाजार ने आज 8 अप्रैल को वो कर दिखाया जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मिडिल ईस्ट में सीजफायर’ (युद्धविराम) के ऐलान के बाद घरेलू बाजार में ऐसी तूफानी तेजी आई कि निवेशकों की संपत्ति में 15 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हो गया।
सेंसेक्स लगभग 2,833 अंक (3.8%) की भारी बढ़त के साथ 77,450 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। निफ्टी करीब 821 अंक (3.5%) उछलकर 23,900 के पार बना हुआ है। आज सुबह सेंसेक्स 2,674 अंकों की छलांग लगाकर 77,290 पर खुला था, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है।
आज के सुपरस्टार शेयर्स
मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और तेल की कीमतें गिरने की उम्मीद ने कई बड़े शेयरों को पंख लगा दिए हैं। तेल सस्ता होने से एटीएफ (ATF) की लागत घटने की उम्मीद में इंडिगो का शेयर 10% तक उछल गया। दिग्गज इंफ्रा कंपनी लॉर्सन एंड ट्रुबो (L&T) के शेयरों में 8% की जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। HDFC और ICICI जैसे बड़े बैंकों के शेयर भी हरे निशान में दौड़ लगा रहे हैं।
ट्रंप का वो पोस्ट जिसने बदल दी दुनिया की चाल
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर जानकारी दी कि ईरान पर होने वाले हमले को 2 हफ्तों के लिए टाल दिया गया है। शर्त यह है कि ईरान ‘होर्मुज स्ट्रेट’ को तुरंत और सुरक्षित रूप से आवाजाही के लिए खोल दे। जवाब में ईरान के विदेश मंत्री ने भी ‘रक्षात्मक कार्रवाई’ रोकने की पुष्टि कर दी है।
ग्लोबल मार्केट में भी दिवाली
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का असर पूरी दुनिया के बाजारों पर दिख रहा है। जापान का निक्केई 1.79% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.99% तक उछल गया है। अमेरिकी फ्यूचर्स में भी जोरदार रौनक है। डॉव जोन्स फ्यूचर्स 967 अंक ऊपर है, जबकि नैस्डैक में 2.3% की तेजी है। अगर होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही आज रात से सुचारू हो जाती है, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती देखने को मिल सकती है, जिससे बाजार की यह रैली और लंबी खिंच सकती है।


