टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। गुलाबी ठंड की विदाई के साथ अब प्रदेश में तपिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की ताजा चेतावनी के अनुसार, अगले 24 घंटों के भीतर रात के तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल शहरी इलाकों में स्थिति यह है कि दिन का तापमान रात की तुलना में लगभग दोगुना हो चुका है, जिससे दोपहर के वक्त लोगों के पसीने छूटने लगे हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। राजधानी रायपुर 33 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में आ रहे इस बड़े अंतर के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में एक साथ कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान और पंजाब के ऊपर (3.1 किमी ऊंचाई पर) स्थित है। पंजाब के आसपास ऊपरी हवा का एक चक्रीय चक्रवाती घेरा बना हुआ है। दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान के ऊपर एक और विक्षोभ 7.6 किमी की ऊंचाई तक विस्तारित है।

See also  Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में फिर तपेगी धरती: रायपुर-बिलासपुर समेत इन जिलों में पारा जाएगा 42 पार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

इन प्रणालियों के कारण अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जबकि अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा।