टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार को दिनभर की तपिश के बाद रात में तेज अंधड़ चली और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने की संभावना है।

वर्तमान में प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक सभी संभागों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से 4 और 5 मई को मौसम की गतिविधियों में तेजी आने के आसार हैं। पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश से लेकर मणिपुर तक बनी एक द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।

राजधानी रायपुर में रविवार को आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग ने एक-दो स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

See also  Weather Update: छत्तीसगढ़ में बदल रहा है मौसम का मिजाज, न्यूनतम तापमान में गिरावट