Speed trial of new broad gauge line between Kurud and Abhanpur.

टीआरपी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। 18 फरवरी 2026 को कुरुद से अभनपुर के बीच बिछाई गई 22 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉड गेज लाइन पर सफल स्पीड ट्रायल किया गया। रेल संरक्षा आयुक्त (CRS) द्वारा किए गए इस निरीक्षण में ट्रेन 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी।


कुरुद से अभनपुर के बीच ब्रॉड गेज लाइन का शुरू होना धमतरी और रायपुर जिले के नागरिकों के लिए बड़ी सौगात है। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि भविष्य में इस रूट पर एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। यह नई लाइन क्षेत्र के व्यापारिक और सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

मात्र 18 मिनट में तय हुई 22 किमी की दूरी

स्पीड ट्रायल के दौरान विशेष ट्रेन कुरुद से शाम 16:22 बजे रवाना हुई और महज 18 मिनट बाद यानी 16:40 बजे अभनपुर पहुंच गई। इस दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने ट्रैक की मजबूती, सिग्नलिंग और सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया।

See also  Farmers Protest:कृषि कानून पर डेढ़ साल रोक केंद्र तैयार, किसान आज सुनाएंगे अपना फैसला

इस महत्वपूर्ण अभियान के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त (दक्षिण पूर्व सर्कल, कोलकाता) श्री ब्रिजेश कुमार मिश्रा, अपर महाप्रबंधक श्री विजय कुमार साहू और रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री दयानंद सहित मंडल के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।


कुरुद से अभनपुर तक कुल 22 किलोमीटर।

110 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से सफल परीक्षण।

दूरी तय करने में लगा कुल समय मात्र 18 मिनट।

कमिश्नर ऑफ़ रेलवे सेफ्टी, श्री ब्रिजेश कुमार मिश्रा।


रेल संरक्षा आयुक्त से सुरक्षा प्रमाण पत्र मिलने के बाद, इस नई रेल लाइन पर नियमित यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के संचालन की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। इससे रायपुर-धमतरी रेल मार्ग पर आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा।