टीआरपी डेस्क। राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली खबर सामने आई है। राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच को आज यानी 19 फरवरी को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पिछले साढ़े तीन महीने के भीतर यह 9वीं बार है जब हाईकोर्ट प्रशासन को इस तरह का धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है।
सीजेआई के दौरे से पहले बढ़ी चिंता
यह धमकी ऐसे समय में आई है जब कल यानी शुक्रवार को देश के सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश सीजेआई (CJI) जस्टिस सूर्यकांत जयपुर पहुंच रहे हैं। वे यहां एक ‘साइबर सिक्योरिटी सेमिनार’ का उद्घाटन करने वाले हैं। वीवीआईपी दौरे से ठीक पहले तीन दिन में दूसरी बार मिली इस धमकी ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।
धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इस सुरक्षा कवायद के कारण हाईकोर्ट में आज नियमित न्यायिक कामकाज प्रभावित रहा और सुनवाई निर्धारित समय से करीब आधा घंटा देरी से सुबह 11 बजे शुरू हो सकी।
साढ़े तीन महीने का खौफनाक ‘डेटा’
जयपुर हाईकोर्ट को धमकी मिलने का सिलसिला पिछले साल अक्टूबर से शुरू हुआ था। पहली धमकी 31 अक्टूबर 2025 को मिली। उसके बाद दिसंबर में
5, 8, 9, 10 और 11 दिसंबर को लगातार मेल आए। 6और 17 फरवरी के बाद आज 19 फरवरी को फिर धमकी मिली।
साइबर लॉ विशेषज्ञ एडवोकेट के मुताबिक, ऐसे मामलों में आरोपी को पकड़ना चुनौतीपूर्ण है क्योंकि वे VPN (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का उपयोग करते हैं। इसमें आईपी एड्रेस (IP Address) लगातार बदलता रहता है, जिससे असली लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल होता है। हालांकि, वीपीएन प्रोवाइडर कंपनियों के पास डेटा होता है। यदि कानूनी प्रक्रिया के तहत उन कंपनियों से डेटा प्राप्त किया जाए, तो आरोपी तक पहुंचा जा सकता है।



