टीआरपी डेस्क। जयपुर के शहीद स्मारक पर सोमवार का दिन हंगामे के नाम रहा। नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में धांधली के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन उस वक्त अखाड़े में बदल गया, जब पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके को दो युवकों ने सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद मौके पर मौजूद समर्थकों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने हमलावर युवकों को पकड़कर पीट दिया।

अभिजीत दीपके नीट पेपर लीक और युवाओं के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। जब समर्थक उन्हें कंधे पर बैठाकर ले जा रहे थे, तभी भीड़ के बीच अचानक दो युवक आए और अभिजीत पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए तुरंत सक्रिय होना पड़ा। फिलहाल, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।

नारेबाजी के बीच मोबाइल भी हुए गायब

प्रदर्शन का नजारा तब और बिगड़ गया जब नारेबाजी के दौरान अलग-अलग गुट आपस में ही भिड़ गए। तनाव के इस माहौल का फायदा उठाकर कुछ चोरों ने प्रदर्शनकारियों के मोबाइल भी उड़ा दिए। मंच से बार-बार युवाओं को अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा करने की चेतावनी दी जाती रही।

See also  कोरोना वायरस: संकट की घड़ी में सामने आया शिरडी साईं ट्रस्ट, 51 करोड़ रुपए किए दान

शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें

शहीद स्मारक पर युवाओं का आक्रोश साफ दिख रहा था। कार्यकर्ताओं ने गेट पर कॉकरोच की तस्वीर बनाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। मुझे देश से प्यार है, भ्रष्टाचार अस्वीकार है के नारों के साथ बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं तिरंगा और संविधान की किताबें लेकर पहुंचे थे।

हंगामे को देखते हुए जयपुर पुलिस के साथ-साथ आरएसी और निर्भया स्क्वॉड को भी तैनात किया गया है। CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने साफ कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक संगठन की नहीं, बल्कि देश के भविष्य और बेरोजगारी के खिलाफ है। फिलहाल मौके पर हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन शहीद स्मारक पर पुलिस का पहरा सख्त है।