बलौदा बाजार। ग्रामीण यांत्रिकी विभाग (RES) के एसडीओ को ACB की टीम ने रिश्वत लेते हुए धर दबोचा। यह अफसर निर्माण कार्य के भुगतान के एवज में रिश्वत ले रहा था।

ACB के मुताबिक प्रार्थी फागु राम सेन, निवासी ग्राम भवानीपुर, जिला बलौदाबाजार द्वारा एन्टी करप्शन रायपुर में शिकायत की गई थी कि वह ग्राम पंचायत भवानीपुर में उप सरपंच है। उनके ग्राम पंचायत भवानीपुर में हाईस्कूल मैदान के समतलीकरण कार्य हेतु शासन से 10 लाख रूपये स्वीकृत हुआ था। कार्य पूर्ण होने के बाद कार्यालय एस.डी.ओ. (आर.ई.एस.) जनपद पंचायत पलारी में बिल भुगतान लंबित था, जिसका गोपाल कृष्ण शर्मा, एस.डी.ओ. के द्वारा मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार किया गया था, जिस पर प्रार्थी फागुराम ने गोपाल कृष्ण शर्मा, एस.डी.ओ. से मुलाकात करने पर उनके द्वारा राशि भुगतान हेतु फाईल आगे कार्यालय जिला खनिज संस्थान न्यास, बलौदाबाजार-भाटापारा भेजने के एवज में 80,000 रूपये रिश्वत की मांग की गई थी, जिसमें से 15,000 रूपये एडवांस के रूप में ले लिया गया था।

See also  50 हजार की घूस लेते नायब तहसीलदार गिरफ्तार, ACB ने न्यायधानी में की कार्रवाई

प्रार्थी ने रिश्वत देने की बजाय आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाने की मंशा से ACB में शिकायत की। जिसके सत्यापन के बाद आज ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी फागु राम सेन से गोपाल कृष्ण शर्मा, एस.डी.ओ. को दूसरी किश्त राशि 25,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।