रायपुर। रविशंकर विश्वविद्यालय के नवीन कन्या छात्रावास में दूषित पानी पीने से कई छात्राओं को पीलिया का संक्रमण हो गया। इनमें से दो छात्राओं को हालत बिगड़ने पर एम्स अस्पताल में भर्ती किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक विज्ञान अध्ययन केंद्र की कई छात्राएं बीते कुछ दिनों से उल्टी, कमजोरी और पीलिया जैसे लक्षणों से पीड़ित पाई गईं। जांच के बाद संक्रमण की पुष्टि होने पर छात्राओं काइलाज शुरू किया गया। इस बीच संक्रमण फैलने की आशंका से छात्रावास की कई छात्राएं घर लौट गई हैं। वहीं दो छात्रों को एम्स में दाखिल कराया गया है।
छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से पेयजल की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन नियमित सफाई और तकनीकी जांच नहीं कराई गई। वाटर कूलरों की समय पर सफाई और पानी की जांच नहीं होने से संक्रमण फैलने की आशंका जताई जा रही है। छात्राओं का कहना है कि पानी में बदबू और रंग बदलने की शिकायतें पहले भी सामने आई थीं, लेकिन प्रबंधन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।



