टीआरपी डेस्क। सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ का धमाकेदार टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। 1 मिनट 55 सेकेंड के इस वीडियो ने इंटरनेट पर आते ही तहलका मचा दिया है, जिसमें यश का डार्क और इंटेंस अवतार फैंस के रोंगटे खड़े कर रहा है।
‘केजीएफ’ के बाद यश की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। राज्य के सिनेमाघरों में दक्षिण भारतीय फिल्मों का बड़ा बाजार है, और ‘टॉक्सिक’ की रिलीज का सीधा असर यहां के सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स के बिजनेस पर पड़ेगा। खासकर 19 मार्च को होने वाली बड़ी टक्कर बॉक्स ऑफिस के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
टीजर की झलक: ‘राया’ का स्वैग और खतरनाक विलेन
टीजर की शुरुआत यश के किरदार राया से होती है, जो बड़े ही रौब के साथ कहते हैं— “इस बार जंग अलग है।” इसके बाद टीजर में जबरदस्त एक्शन, मार-धाड़ और एक बेड तोड़ने वाला इंटेंस सीन दिखाया गया है। टीजर के अंत में मलयालम स्टार टोविनो थॉमस की विलेन के रूप में एंट्री होती है, जो “आई एम होम डैडी” बोलकर सस्पेंस बढ़ा देते हैं।
फैंस सोशल मीडिया पर इसे “रॉकी भाई का स्वैग और टॉक्सिक की डार्कनेस” का परफेक्ट कॉम्बो बता रहे हैं। फिल्म के VFX और सिनेमैटोग्राफी की भी जमकर तारीफ हो रही है।
विवादों से भी रहा है नाता
बता दें कि 8 जनवरी को यश के जन्मदिन पर रिलीज हुए पहले लुक को लेकर काफी बवाल मचा था। कब्रिस्तान में फिल्माए गए कुछ दृश्यों के कारण फिल्म निर्माताओं के खिलाफ एफआईआर (FIR) तक दर्ज कराई गई थी। ईसाई संस्थाओं और राज्य महिला आयोग ने उन दृश्यों पर कड़ी आपत्ति जताई थी, जिसके बाद फिल्म काफी चर्चा में रही।
बड़ी स्टारकास्ट और बॉक्स ऑफिस क्लैश
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयंतारा, तारा सुतारिया, और हुमा कुरैशी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि 19 मार्च को ‘टॉक्सिक’ की सीधी टक्कर ‘धुरंधर 2’ से होने वाली है। ‘धुरंधर’ के ब्लॉकबस्टर होने के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सिनेमाघरों में कौन बाजी मारता है।



