टीआरपी डेस्क। राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहे प्रतिष्ठित AI Impact Summit 2026 में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी करने पहुंच गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस वैश्विक मंच पर ‘इंडो-यूएस ट्रेड डील’ के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

4-5 प्रदर्शनकारी हिरासत में, पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई

दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन लिया। पुलिस के अनुसार मौके से 4 से 5 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर कैसे पहुंचे और क्या उनके पास वैध ‘पास’ या ‘QR कोड’ था। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के संबंध में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

BJP का तीखा हमला: ‘यह एंटी-नेशनल कांग्रेस है’

इस विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए AI का मतलब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या एस्पिरेशनल इंडिया नहीं, बल्कि ‘एंटी-इंडिया’ (Anti-India) है। यह INC नहीं, बल्कि ANC यानी एंटी-नेशनल कांग्रेस है।

See also  समुद्र की गहराई में छुपे रहस्यों को खोजने के लिए भारत ने लांच किया अपना पहला मानवयुक्त समुद्री मिशन, जानें इस मिशन की खूबी

“भारत की उपलब्धियों के खिलाफ है यह प्रोटेस्ट”

पूनावाला ने आगे कहा कि जहाँ एक ओर दुनिया भर के दिग्गज जैसे फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों, संयुक्त राष्ट्र महासचिव और टेक जगत के बड़े नाम सैम ऑल्टमैन व सुंदर पिचाई इस समिट की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसे बाधित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भी इस समिट की सराहना की है। पूनावाला ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इशारे पर किया जा रहा यह प्रदर्शन पीएम मोदी या बीजेपी के खिलाफ नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक उपलब्धियों के खिलाफ है। उन्होंने इसे ‘ब्रेनलेस और इमोशनलेस’ प्रोटेस्ट करार दिया।

बता दें कि AI Impact Summit 2026 भारत के लिए तकनीकी महाशक्ति बनने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यूथ कांग्रेस का मुख्य विरोध भारत और अमेरिका के बीच होने वाले व्यापारिक समझौतों (Trade Deals) की शर्तों को लेकर है, जिसे वे देश के हितों के खिलाफ बता रहे हैं।

See also  मप्र सियासी जंग: शिवराज के अलावा ये नेता भी हैं मुख्यमंत्री पद की रेस में