टीआरपी डेस्क। अमेरिका में मचे राजनीतिक और कानूनी घमासान का असर अब वैश्विक और भारतीय सराफा बाजार पर दिखने लगा है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को अवैध करार दिए जाने और उसके तुरंत बाद ट्रंप द्वारा 10 फीसदी ग्लोबल टैरिफ की घोषणा से सोने की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है।
देश के अन्य शहरों में शादियों का सीजन करीब होने के कारण सोने की कीमतों में यह तेजी आम आदमी के बजट को प्रभावित करेगी। वैश्विक अनिश्चितता के कारण निवेशक अब शेयर बाजार के बजाय सोने को सुरक्षित निवेश मान रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर भी मांग और कीमतों में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।
वैश्विक बाजार में ऐतिहासिक उछाल
शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 1.5% बढ़कर $5,071.48 प्रति औंस के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया। इसकी मुख्य वजह कमजोर U.S. GDP डेटा (1.4%) और ट्रंप के नए टैरिफ आदेश से पैदा हुई वैश्विक आर्थिक अस्थिरता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि ट्रंप अन्य कानूनों के जरिए टैरिफ लगाने की कोशिश करेंगे, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
भारत में सोने का हाल (MCX और IBJA)
भारतीय बाजार में शनिवार को MCX बंद होने के बावजूद शुक्रवार की तेजी का असर बना हुआ है। IBJA के अनुसार आज के ताजा भाव इस प्रकार हैं। 24 कैरेट सोना की कीमत 1,55,066 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। 22 कैरेट सोना 1,42,040 प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1,16,300 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है।



