कवर्धा। छत्तीसगढ़ में घर वापसी अभियान के प्रणेता दिलीप सिंह जूदेव इस दुनिया में नहीं रहे, मगर उनकी इस मुहिम को उनके बेटे प्रबल प्रताप ने संभाल रखा है। ठीक ऐसे ही अभियान को लेकर प्रदेश में अपनी पहचान बना रही भाजपा विधायक भावना बोहरा लगातार धर्म वापसी के कार्यक्रम करा रही हैं। आज भी उन्होंने पंडरिया इलाके में गौरव सम्मलेन का कार्यक्रम आयोजित किया और अपने धर्म में वापस लौट रहे लोगों के पैर पखारे। भावना ने दावा किया कि उनके प्रयासों से अब तक लगभग 500 धर्मान्तरित लोगों ने वापस हिन्दू धर्म में वापसी कर ली है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा में उत्कृष्ट विधायक का सम्मान पा चुकी भाजपा की विधायक भावना बोहरा पंडरिया क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के मुद्दे को लेकर लगातार मुखर नजर आ रही हैं। आदिवासी इलाकों में धर्मांतरण के खिलाफ चलाए जा रहे उनके अभियान के तहत अब तक करीब 500 लोगों ने पुनः अपने मूल धर्म में वापसी कर ली है।

पंडरिया विकासखंड के आदिवासी ग्राम कुलही डोंगरी में आयोजित संस्कृति गौरव सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह में आज बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने हिन्दू धर्म वापसी करने वाले 165 लोगों का पारंपरिक रीति-रिवाज से पैर पखार कर एवं नारियल भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने इस पहल को क्षेत्र में सांस्कृतिक अस्मिता और परंपरा के संरक्षण से जुड़ा बताया।

धर्म परिवर्तन करने वालों को दी चेतावनी
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बोहरा ने धर्म परिवर्तन कराने में सक्रिय एजेंटों को चेतावनी दी और कहा कि आदिवासी समाज के सीधे-सादे लोगों को लालच, प्रलोभन और अंधविश्वास में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्होंने किसी कारणवश दूसरा धर्म अपनाया है, उनकी धर्म वापसी सुनिश्चित की जाएगी और उन्हें सामाजिक सम्मान के साथ पुनः जोड़ा जाएगा।


