खैरागढ़। खैरागढ़ क्षेत्र में BJP के पूर्व विधायक के खिलाफ यौन शोषण के गंभीर आरोप सामने आए हैं। छुईखदान थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक कोमल जंघेल के विरुद्ध थाने में भाजपा की एक नेत्री द्वारा FIR दर्ज कराई गई है। इसके बाद प्रदेश में राजनितिक हलचल तेज हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक भाजपा नेत्री ने छुईखदान थाने पहुंचकर पूर्व विधायक पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। बयान दर्ज करने और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है।
कांग्रेस ने उठाया सवाल
इस प्रकरण के सामने आने के बाद खैरागढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है, वहीं प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। भाजपा के पूर्व विधायक पर यौन शोषण मामले में दर्ज एफआईआर के बाद गिरफ्तार नही किये जाने पर कांग्रेस पार्टी उठाया है कि भाजपा नेत्री ने खैरागढ़ के पूर्व भाजपा विधायक पर यौन शोषण के संगीन आरोप लगाये हैं, एफआईआर दर्ज किया गया है लेकिन अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी क्यो नही हुई? इससे समझ आता है कि भाजपा सरकार यौन शोषण के आरोपी को बचा रही है।
कांग्रेस नेता धनंजय सिंह ने कहा है कि आरोपी खुलेआम घूमेगा तो पीड़िता को खतरा है। पीड़िता ने जिस प्रकार नाम पता गोपनीय रखने और जानकारी सार्वजनिक होने पर सुरक्षा की मांग की है, इससे लग रहा है कि पीड़िता को डराया धमकाया जा रहा है, उस पर अनैतिक दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता को एवं उनके परिजनों को आरोपी से जान का खतरा है। वो किसी अनहोनी से डरी हुई है। सरकार पीड़िता एवं उनके परिजनों की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करे। पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए।आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी हो और भाजपा संगठन आरोपी को पार्टी से बाहर करे।



