टीआरपी डेस्क। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SCP) के सुप्रीमो और भारतीय राजनीति के दिग्गज नेता शरद पवार (85) को रविवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, पवार को डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) की शिकायत थी। हालांकि, राहत की बात यह है कि उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है और वे चिकित्सा टीम की देखरेख में हैं।
85 वर्ष की आयु में भी शरद पवार महाराष्ट्र की राजनीति का केंद्र बने हुए हैं। हाल ही में उनके भतीजे अजित पवार के विमान दुर्घटना में हुए दुखद निधन के बाद वे काफी सदमे और तनाव में थे। इस व्यक्तिगत त्रासदी और बढ़ती उम्र के बीच उनकी सेहत में गिरावट ने महाराष्ट्र की सियासत में हलचल बढ़ा दी है।
रूबी हॉल क्लिनिक का हेल्थ बुलेटिन
अस्पताल के चेयरमैन और मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. परवेज ग्रांट ने बताया कि शरद पवार को हल्के डिहाइड्रेशन के कारण एडमिट किया गया है। उन्हें ‘इंट्रावेनस फ्लूइड’ (IV) दिया जा रहा है। डॉ. ग्रांट और डॉ. अभिजीत लोढ़ा की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें अगले 48 घंटों तक अस्पताल में रखा जा सकता है, जिसके बाद उन्हें छुट्टी मिल जाएगी यह पहली बार नहीं है जब फरवरी महीने में पवार को अस्पताल आना पड़ा हो। 9 फरवरी को सीने में इन्फेक्शन और सांस लेने में तकलीफ के कारण वे इसी अस्पताल में भर्ती हुए थे। उन्हें स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया था। लेकिन डिहाइड्रेशन के कारण उन्हें दोबारा डॉक्टरी सहायता की जरूरत पड़ी है।
कैंसर को मात देने वाले ‘फाइटर’
पवार का स्वास्थ्य संघर्ष प्रेरणादायक रहा है। 90 के दशक में ओरल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को मात देने के बाद भी वे राजनीति में सक्रिय रहे। आज भी वे महाराष्ट्र के गांव-गांव का दौरा करते हैं, जो अक्सर उनके शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालता है।



