रायपुर। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ के बजट 2026-27 में युवाओं और छात्रों के लिए बड़ी घोषणाएं की है। राज्य सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए 33 करोड़ रुपये का विशेष बजट आवंटित किया है, जिससे राज्य के युवाओं को करियर निर्माण में बड़ी मदद मिलेगी।
शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
राज्य सरकार ने केवल परीक्षाओं की तैयारी ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया है। आईटीआई (ITI) और पॉलिटेक्निक संस्थानों के उन्नयन के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। इसके अलावा, राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों और विश्वविद्यालयों को सशक्त बनाने के लिए 731 करोड़ रुपये के अनुदान की घोषणा की गई है।
कॉलेज और एक्सीलेंस सेंटर का निर्माण
प्रदेश के 5 सरकारी महाविद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए ‘उत्कृष्टता केंद्र’ (Center of Excellence) के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 15 करोड़ रुपये सुरक्षित रखे गए हैं। साथ ही, बुनियादी ढांचे की कमी को दूर करने के लिए 25 नए महाविद्यालय भवनों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।



