टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के 25वें बजट को लेकर आज राजधानी रायपुर में भारी उत्साह है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी आज दोपहर 12:30 बजे विधानसभा में साय सरकार का तीसरा बजट पेश करेंगे। पिछले दो बजटों में GYAN और GATI जैसी अनूठी थीम देने के बाद, इस बार सबकी नजरें नई थीम और बजट ब्रीफकेस पर टिकी हैं।

छत्तीसगढ़ का यह बजट ‘विजन 2047’ की नींव रखने वाला माना जा रहा है। वित्त मंत्री ने संकेत दिए हैं कि यह बजट पूरी तरह से तकनीकी नवाचार और विकसित छत्तीसगढ़ के रोडमैप पर केंद्रित होगा, जो सीधे तौर पर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को रफ्तार देगा।

GYAN और GATI के बाद अब क्या?


ओपी चौधरी ने अपने अब तक के कार्यकाल में बजट को पारंपरिक आंकड़ों से हटाकर एक नई पहचान दी है।

पहला बजट (GYAN) यह G-गरीब, Y-युवा, A-अन्नदाता (किसान) और N-नारी पर केंद्रित था। और दूसरा बजट (GATI): इसमें G-सुशासन, A-इन्फ्रास्ट्रक्चर, T-तकनीक और I-औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दी गई थी। वित्त मंत्री के अनुसार, तीसरा बजट ‘विकसित छत्तीसगढ़’ और ‘टेक्नोलॉजी ड्रिवेन गवर्नेंस’ की थीम पर आधारित हो सकता है, जो भारत के 2047 के लक्ष्य से मेल खाएगा।

See also  कोयला आपूर्ति के लिए छत्तीसगढ़ ने राजस्थान सरकार को दी 91.21 हेक्टेयर वन भूमि के उपयोग की अनुमति

ब्रीफकेस का बदला अंदाज: गोबर से लेकर डिजिटल तक


छत्तीसगढ़ में बजट ब्रीफकेस हमेशा चर्चा का विषय रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोबर से बने ब्रीफकेस के साथ सुर्खियां बटोरी थीं। वहीं, ओपी चौधरी ने स्वतंत्र वित्त मंत्री के रूप में डिजिटल बजट की शुरुआत की। उनके पहले ब्रीफकेस पर ‘ढोकरा शिल्प’ की कलाकृति थी, जो बस्तर की आदिम संस्कृति को दर्शाती थी।दूसरा ब्रीफकेस लाल रंग का था, जिसे उन्होंने स्वयं हाथ से लिखा था।

संभावना है कि इस बार ब्रीफकेस में आधुनिक तकनीक (AI/Metaverse) या नया रायपुर (अटल नगर) के बढ़ते स्वरूप की कोई विशेष कलाकृति देखने को मिल सकती है।