रायपुर। राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में गांजे के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बावजूद इस सूखे नशे की तस्करी पर रोक नहीं लग पा रही है। आलम यह है कि नशे के कारोबारियों ने गंजे की पैकिंग की यूनिट भी लगा रखी है। ऐसी ही पैकिंग वाली यूनिट पर पुलिस ने छापा मारा और बड़ी मात्रा गांजा और सामग्रियां भी जब्त की है।
पुलिस ने कालीबाड़ी के नेहरू नगर इलाके में गांजा पैकिंग फैक्ट्री का खुलासा कर दो तस्करों को पकड़ा है। इनसे गांजे के साथ पैकिंग में उपयोगी छोटे बड़े पाउच, पुड़िया आदि जब्त किया गया है। यह काम वे लोग घर की छत पर करते थे। इनसे इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोशन सेंसर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किया गया है। यह इलाका कुख्यात गिरोहबाज रवि साहू, पवन बनिया का अड्डा है, जबकि रवि इस समय जेल में है।

डीसीपी सेंट्रल ज़ोन रायपुर के अधीन सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नेहरू नगर, नरैय्या तालाब क्षेत्र रायपुर में दो व्यक्ति गांजा की पुड़िया रखकर बिक्री कर रहे हैं। पुलिस ने तस्करों को पकड़ने और पूछताछ करने के बाद गांजा पैकिंग कर फुटकर बिक्री के लिए बनाए गए एक हाइडआउट पर दबिश दी। यहां गांजा एवं उससे संबंधित सामग्री जप्त की गई।

मौके पर दो व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान
(1) अब्दुल जाफर, पिता अब्दुल कादिर, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेहरू नगर, थाना सिटी कोतवाली रायपुर
(2) सुनील जगत, पिता लालू प्रसाद जगत, उम्र 28 वर्ष, निवासी सुदामा नगर, थाना टिकरापारा रायपुर
के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से फुटकर बिक्री हेतु रखी गई गांजा की पुड़िया एवं नगद राशि जप्त की गई। पूछताछ के दौरान प्राप्त मेमोरेंडम कथन के आधार पर कोतवाली पुलिस द्वारा नेहरू नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के बाजू स्थित हाइडआउट पर दबिश दी गई, जहां से दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 07 किलो 397 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹85,000/- है, बरामद किया गया।
मोशन सेंसर से लैस था गांजा पैकिंग हाइडआउट
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा पुलिस से बचने के उद्देश्य से हाइडआउट के मुख्य प्रवेश द्वार पर मोशन सेंसर तथा आने-जाने वाले रास्तों पर दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। मौके से गांजा पैकिंग में प्रयुक्त भारी मात्रा में प्लास्टिक झिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री भी जप्त की गई।
गांजा सप्लाई नेटवर्क की हो रही खोजबीन
कोतवाली पुलिस द्वारा इस प्रकरण में कार्रवाई को केवल फुटकर गांजा बिक्री करने वाले आरोपियों तक सीमित न रखते हुए, गांजा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड लिंक एवं सप्लायर नेटवर्क की गंभीरता से विवेचना की जा रही है। नेटवर्क में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी शीघ्र वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बहरहाल इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(b), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है।


