टीआरपी डेस्क। उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के दिग्गज नेता और रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार के विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग (IT) ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ लखनऊ, बलिया और सोनभद्र स्थित उनके आवासों और दफ्तरों पर छापेमारी शुरू की। इस मेगा रेड में विभाग के 60 से अधिक अधिकारी और 25 गाड़ियों का काफिला शामिल है।
शादी का कार्ड लगा गाड़ियों से पहुंची टीम
आयकर विभाग ने इस रेड को बेहद गोपनीय रखने के लिए फिल्मी तरीका अपनाया। अधिकारी लग्जरी गाड़ियों से पहुंचे, जिन पर शादी से जुड़े पैम्फलेट लगे हुए थे ताकि किसी को शक न हो। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित आवास, बलिया के रसड़ा और सोनभद्र के ओबरा स्थित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है और किसी को भी अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं है।
आइसोलेशन में हैं विधायक, जांच में जुटा रिकॉर्ड
सूत्रों के अनुसार, उमाशंकर सिंह वर्तमान में कैंसर से पीड़ित हैं और उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं। वे लखनऊ स्थित अपने आवास पर आइसोलेशन में रह रहे हैं। इसके बावजूद, आईटी टीम अंदर दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और बैंक रिकॉर्ड्स की सघन जांच कर रही है। विधायक के साथ-साथ उनकी पत्नी पुष्पा सिंह (मैनेजिंग डायरेक्टर, सीएस इन्फ्रा) और बच्चों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों का ब्योरा भी खंगाला जा रहा है।
11 महीने पहले शुरू हुई थी घेराबंदी
विधायक उमाशंकर सिंह करीब 11 महीने पहले तब चर्चा में आए थे, जब सतर्कता विभाग (Vigilance) ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की जांच शुरू की थी। विभाग ने प्रयागराज और वाराणसी के निबंधन कार्यालयों से उनकी जमीन, मकान, फ्लैट और व्यावसायिक संपत्तियों का रिकॉर्ड मांगा था। विधायक की ‘छात्र शक्ति कन्स्ट्रक्शन्स’ कंपनी सड़क निर्माण और माइनिंग के क्षेत्र में बड़ा काम करती है।
सोनभद्र में व्यापारियों के यहां भी छापेमारी
सोनभद्र के ओबरा क्षेत्र में भी करीब आधा दर्जन ऐसे व्यापारियों के यहां रेड पड़ी है, जिनका संबंध माइनिंग सेक्टर से है। बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई खनन और कंस्ट्रक्शन में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़ी हो सकती है।



