टीआरपी डेस्क। रंगों का त्योहार होली खुशियां और मस्ती लेकर आता है, लेकिन बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त रंग आपकी त्वचा के लिए दुश्मन साबित हो सकते हैं। अक्सर होली खेलने के बाद स्किन पर जलन, रैशेज और एलर्जी जैसी समस्याएं सामने आती हैं, जिनसे बचने के लिए सही स्किन केयर रूटीन बेहद जरूरी है।
गर्मी के साथ होली का उत्साह चरम पर होता है। तेज धूप और पक्के रंगों का मिश्रण त्वचा को बुरी तरह झुलसा सकता है। जहां प्रदूषण और धूल का असर अधिक है, वहां स्किन की अतिरिक्त देखभाल अनिवार्य है।
त्वचा पर तैयार करें ‘प्रोटेक्टिव लेयर’
रंग खेलने निकलने से पहले अपनी त्वचा को तैयार करना सबसे बड़ी सुरक्षा है। चेहरे, गर्दन और हाथों पर नारियल तेल या बादाम तेल की मालिश जरूर करें। यह तेल त्वचा पर एक परत बना देता है, जिससे रंग रोमछिद्रों के अंदर नहीं जा पाते। इसके साथ ही, कम से कम SPF 30 वाला सनस्क्रीन लगाना न भूलें ताकि धूप से होने वाली टैनिंग से बचा जा सके।
रंग छुड़ाने का सही तरीका
अक्सर लोग रंग छुड़ाने के लिए त्वचा को सख्त साबुन से रगड़ते हैं, जो कि गलत है। इसके बजाय बेसन और दही का घरेलू लेप लगाएं। रंग हटाने के लिए हमेशा ठंडे या गुनगुने पानी का ही इस्तेमाल करें, क्योंकि गर्म पानी त्वचा की नमी छीन लेता है और उसे रूखा बना देता है।


