बलौदाबाजार। भाटापारा जिले की पुलिस कप्तान भावना गुप्ता अब थानों और पुलिस चौकियों की कार्यप्रणाली पर सीधे नजर रखेंगी। प्रयास अभियान के तहत जिले के सभी थानों में QR कोड लगाए जा रहे हैं, जिसके जरिए आम जनता पुलिस के व्यवहार और कार्रवाई पर अपना सीधा फीडबैक दे सकेगी।
अक्सर ग्रामीण इलाकों में फरियादियों को थाने में पुलिस के व्यवहार या देरी से जुड़ी शिकायतें रहती हैं। इस नई व्यवस्था से जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम होगी। अब किसी भी थानेदार या सिपाही की मनमानी की जानकारी सीधे एसपी (SP) तक पहुंच जाएगी, जिससे पुलिसिंग में पारदर्शिता आएगी।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने आज इस अभियान का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि रेंज आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस सिस्टम का मुख्य उद्देश्य पुलिस स्टाफ की कार्यक्षमता बढ़ाना और थाना स्तर पर कमियों को दूर करना है। क्यूआर कोड के माध्यम से मिलने वाले सुझावों से जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होगा।
थानों में आने वाले आगंतुक अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई, पुलिस के बर्ताव और संतुष्टि के स्तर को फॉर्म में भरेंगे। इस डेटा का सुपरविजन खुद एसपी भावना गुप्ता अपनी विशेष टीम के माध्यम से करेंगी। फीडबैक के आधार पर संबंधित थाना और चौकी प्रभारियों को सुधार के लिए कड़े निर्देश जारी किए जाएंगे।



