टीआरपी डेस्क। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई नई फिल्म अक्यूज्ड ने आते ही तहलका मचा दिया है। इस फिल्म ने लोकप्रियता के मामले में धुरंधर और तेरे इश्क में जैसी बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए नंबर 1 का पायदान हासिल कर लिया है।
अलग कॉन्सेप्ट और दमदार अभिनय
फिल्म अक्यूज्ड का निर्देशन डॉक्टर जी फेम अनुभूति कश्यप ने किया है। फिल्म में कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म एक मॉडर्न और पुरानी सोच के बीच के टकराव को बेहद संजीदगी से दिखाती है। फिल्म की पूरी कहानी महिला किरदारों के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है।

क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म की कहानी एक मैरिड कपल डॉक्टर गीतिका और मीरा की है। गीतिका अपने करियर में बेहद सफल है और उसे प्रमोशन भी मिलता है। उनकी निजी जिंदगी में खुशियां तब और बढ़ जाती हैं जब वे एक बच्चा गोद लेने का फैसला करते हैं। लेकिन इसी मोड़ पर गीतिका पर यौन उत्पीड़न का एक गुमनाम आरोप लगता है, जिससे उसकी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ में भूचाल आ जाता है।
आरोप लगने के बाद गीतिका को पेड लीव पर भेज दिया जाता है और उसकी नौकरी पर खतरा मंडराने लगता है। फिल्म इस सस्पेंस को बरकरार रखती है कि क्या गीतिका पर लगे आरोप सच हैं या यह किसी की साजिश है।

नेटफ्लिक्स पर टॉप रैंकिंग
रिलीज के महज 24 घंटे के भीतर यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर टॉप ट्रेंडिंग में आ गई है। इसने ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर को दूसरे पायदान पर धकेल दिया है। हालांकि फिल्म का क्लाईमैक्स एक खास संदेश के साथ खत्म होता है, लेकिन पूरी फिल्म अपनी पकड़ बनाए रखती है।


