टीआरपी डेस्क। पश्चिम एशिया में युद्ध की ज्वाला भड़क उठी है। शनिवार, 28 फरवरी 2026 को इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान पर एक बड़ा और ‘प्री-एम्प्टी’ (निवारक) हमला किया है। इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल कैट्ज़ ने इस हमले की पुष्टि करते हुए पूरे इजराइल में तत्काल प्रभाव से ‘विशेष आपातकाल’ (Special State of Emergency) लागू कर दिया है।

तेहरान में मची तबाही


ईरान की राजधानी तेहरान के डाउनटाउन इलाके और यूनिवर्सिटी स्ट्रीट के पास कई मिसाइलें गिरी हैं। धमाकों के बाद शहर में धुएं का गुबार देखा गया और घायलों को निकालने के लिए केवल एंबुलेंस ही सड़कों पर नजर आ रही हैं। ईरान ने अपना एयरस्पेस पूरी तरह बंद कर दिया है और यात्रियों को सुरक्षित बंकरों में जाने की सलाह दी गई है।

इजराइल का पक्ष: “हमला नहीं करते तो खुद शिकार होते”


इजरायली रक्षा मंत्री कैट्ज़ ने कहा कि यह हमला इजराइल के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरे को दूर करने के लिए जरूरी था। उन्होंने साफ किया कि यदि इजराइल यह कदम नहीं उठाता, तो ईरान उन पर हमला करने वाला था। यह ऑपरेशन इजराइल और अमेरिका का संयुक्त प्रयास बताया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को नष्ट करना है।

See also  साइड इफेक्ट्स पर विवाद के बाद कंपनी AstraZeneca ने लिया बड़ा फैसला, दुनियाभर से वापस मंगाई कोविड वैक्सीन

इजराइल में अलर्ट और पाबंदियां

IDF होमफ्रंट कमांड ने इजराइल के भीतर भी कड़े नियम लागू किए हैं:

सभी शैक्षणिक गतिविधियां और स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

सार्वजनिक स्थानों पर इकट्ठा होने पर पूरी तरह रोक है।

नागरिकों को सुरक्षित बंकरों के पास रहने का निर्देश दिया गया है।

गैर-जरूरी काम के लिए घर से बाहर निकलने पर पाबंदी है।