सूरजपुर। प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के धोंधा गांव में कृषि महाविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम के मंच पर ही गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हो गई। यह सारा वाकया कृषि मंत्री रामविचार नेताम और विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के सामने हुआ, जिसके बाद इस घटना से क्षेत्र की सियासत गरमा गई।

चलने लगे लात-घूंसे

कृषि महाविद्यालय के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच मंच पर ही तीखी झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि लात-घूंसे चलने लगे और कार्यक्रम स्थल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

हुआ यूं कि मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी अनुप गुप्ता के बीच किसी मुद्दे को लेकर पहले तीखी बहस हुई। फिर दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया। मंच पर ही दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ ही पलों में लात-घूंसे चलने लगे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। समर्थकों के बीच भी जोरदार धक्का-मुक्की हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। आयोजकों और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।

See also  Raipur Triple IIIT: रायपुर ट्रिपल IIIT में AI से छात्राओं की 1000 अश्लील फोटो बनाने वाला छात्र सैय्यद रहीम बिलासपुर से गिरफ्तार

गुटबाजी के चलते हुई किरकिरी

भूमि पूजन जैसे सरकारी और सार्वजनिक कार्यक्रम में हुई इस मारपीट ने पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी को खुलकर सामने ला दिया है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से चल रही खींचतान इस कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक हो गई। इस घटना के चलते पार्टी की जमकर किरकिरी हुई।