मुंगेली। भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान के तहत मुंगेली पुलिस ने सूखे नशे के कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी भाजपा पार्षद हैं, जिसका नाम लोकेश उर्फ लक्की कश्यप बताया जा रहा है। लोकेश नगर पंचायत जरहागांव का पार्षद है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में संचालित विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के अंतर्गत थाना जरहागांव क्षेत्र में यह प्रभावी कार्रवाई की गई। दरअसल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जरहागांव के कुछ युवक शमशान घाट के पास ब्राउन शुगर बिक्री के लिए एकत्रित हो रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना जरहागांव की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई।

मौके से ब्राउन शुगर और तौल मशीन बरामद

पुलिस ने पांचों संदिग्धों की मौके पर विधिवत तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से अलग-अलग पारदर्शी जिपर पॉलिथीन में रखी 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2,65,000 बताई गई है। 06 नग मोबाइल फोन (कीमत लगभग 50,000), होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 P 1199 (कीमत लगभग ₹65,000),1 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (कीमत लगभग ₹1,000)जब्त की गई। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 3,81,000 आंकी गई है।

See also  धर्मांतरण पर सियासत : मुख्यमंत्री बोले- भाजपा के पास धर्मांतरण का टेप रिकॉर्डर, जहां चुनाव होता है वहां बजाते हैं, अब छत्तीसगढ़ में बजेगा

प्रयागराज से हो रही थी नशे की तस्करी

पुलिस का कहना हैँ कि पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर कश्यप ने स्वीकार किया कि वह उत्तरप्रदेश के नैनी प्रयागराज से नगद एवं ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और अपने साथियों के साथ मिलकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करता था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

इस मामले में थाना जरहागांव में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।