रायपुर। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने होली पर एक एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक किसी भी स्त्री, पुरुष, बच्चे, युवा, बुजुर्ग की इच्छा के विपरीत रंग या पानी डालना अपराध होगा। ऐसा करने वाले पर FIR दर्ज होगा। इसी तरह से मुखौटों की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
होली पर्व के मद्देनजर पुलिस ने चाक चौबंद व्यवस्था की है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सतत निगरानी रहेगी।संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जा रही। 105 बाइक पेट्रोलिंग दल रहेगी तैनात किए गए हैं। 73 थाना पेट्रोलिंग वाहन थाना क्षेत्र मेें निगरानी करेगी। 15 एंटी पार्टी हुडदंगियों पर विशेष नजर रखेंगी।थानों के 40 फिक्स चेकिंग प्वाइंट पर चेकिंग होगी तीन सवारी वाहन, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, तेज गति एवं स्टंट करने वालों पर तुरंत एक्शन होगा।
इस बीच पुलिस ने राजधानी में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान आम नागरिकों से होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा नजदीकी थाने को दें।
थाना क्षेत्रों में हुई प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
इसी कड़ी में होली त्यौहार के मद्देनजर रायपुर पुलिस ग्रामीण क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन निगरानी एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों की शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही किए गए।

थाना खरोरा, थाना आरंग, थाना माना कैंप एवं थाना राखी क्षेत्र में कुल 22 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर संबंधित कार्यपालिक दंडाधिकारी/तहसील न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर उन्हें केंद्रीय जेल रायपुर अथवा संबंधित न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
होली पर्व के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की सतत निगरानी रखी जा रही है। अवैध शराब बिक्री, हुड़दंग, मारपीट, शांति भंग एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



