टीआरपी। रायपुर नगर पालिक निगम के शहरी गरीबी उपशमन विभाग ने निराश्रित पेंशनधारियों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की है। अब पेंशनभोगी अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) सत्यापन घर बैठे अपने एंड्रॉयड मोबाइल के जरिए कर सकेंगे, जिससे उन्हें दफ्तरों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी।
यह कदम बुजुर्गों और शारीरिक रूप से अक्षम पेंशनभोगियों के लिए अत्यंत राहतकारी है। समय पर DLC सत्यापन न होने से पेंशन रुकने का डर रहता था, लेकिन अब मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे प्रक्रिया पूरी होने से पेंशन का आहरण बिना किसी रुकावट के सुनिश्चित हो सकेगा।
कैसे करें घर बैठे सत्यापन?
नगर निगम ने सभी लाभार्थियों के लिए प्रक्रिया को सरल बनाने हेतु निम्नलिखित निर्देश जारी किए हैं:
- ऐप डाउनलोड: सबसे पहले प्ले स्टोर से ‘Beneficiary Verification App’ डाउनलोड करें।
- पंजीकरण: ऐप ओपन कर अपना आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- फेस स्कैन ऐप: इसके बाद प्ले स्टोर से ‘FaceRD App’ डाउनलोड करें और अपना चेहरा स्कैन कर पंजीकरण पूरा करें।
- सत्यापन: पुनः बेनिफिसियरी ऐप खोलकर ‘Central Govt’ विकल्प चुनें, फिर ‘National Social Assistance Program (NSAP)’ पर जाकर आधार और ओटीपी के जरिए फेस स्कैन करें।
समस्या होने पर यहाँ करें संपर्क
यदि किसी हितग्राही को तकनीकी समस्या आती है, तो वे नगर निगम मुख्यालय (महात्मा गांधी सदन) में निम्नलिखित अधिकारियों/कर्मचारियों से कक्ष क्रमांक 103 में संपर्क कर सकते हैं:
- डॉ. अंजलि शर्मा (उपायुक्त)
- सुनीता चंद्राकर
- उषा बघेल
- सुविधा: केवल एंड्रॉयड मोबाइल धारकों के लिए उपलब्ध।
- छूट: जिन हितग्राहियों को ‘Beneficiary Not Registered With This Scheme’ का मैसेज आएगा, उन्हें अभी डीएलसी सत्यापन की आवश्यकता नहीं है।
- अनिवार्यता: भविष्य में पेंशन रुकने से बचने के लिए यह सत्यापन जरूरी है।
नगर निगम का लक्ष्य है कि शत-प्रतिशत निराश्रितों का सत्यापन डिजिटल माध्यम से हो जाए। आने वाले दिनों में वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर उन लोगों की मदद की जा सकती है जिनके पास स्मार्टफोन की सुविधा उपलब्ध नहीं है।



