रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की बदहाल कानून व्यवस्था और धान खरीदी के कुप्रबंधन को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि होली के दौरान प्रदेश में भय का माहौल रहा और सरकार किसानों की मेहनत के साथ खिलवाड़ कर रही है।

रील बनाने में व्यस्त हैं गृहमंत्री

दीपक बैज ने कहा कि होली के दिन पूरे छत्तीसगढ़ में आतंक का माहौल देखने को मिला, जहां महिलाओं के साथ अभद्रता हुई और यहां तक कि पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी गई। उन्होंने राज्य के गृह मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश की जनता असुरक्षित महसूस कर रही है, तब जिम्मेदार मंत्री सोशल मीडिया पर रील बनाने में व्यस्त हैं। बैज ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के विरोध के कारण होली पर शराब दुकानें बंद रहीं, अन्यथा स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।

धान खरीदी और पानी डालने के वीडियो पर घेराव

धान खरीदी केंद्रों में धान पर पानी डालने के वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए दीपक बैज ने सरकार की नीतियों को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धान का उठाव नहीं कर रही है, जिससे लाखों क्विंटल धान खुले में सूख रहा है। केंद्रों पर कर्मचारियों को डराया जा रहा है कि वजन कम होने पर जिम्मेदारी उनकी होगी, जिसके कारण मजबूरी में धान का वजन बनाए रखने के लिए उसमें पानी डाला जा रहा है।

See also  Gujarat Election : चुनाव प्रचार की जंग तेज! आज सीएम बघेल चुनावी रैलियां में करेंगे मतदान करने की अपील

वित्तीय प्रबंधन फेल, कर्मचारियों में रोष

बजट और प्रबंधन पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का “गति और ज्ञान” पूरी तरह फेल हो चुका है। मितानिनों, NHM कर्मचारियों और रसोइयों को समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है, जिससे कई परिवारों की होली फीकी रही।