रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि प्रदेश में ‘भाजपा का शराब सिंडिकेट’ चल रहा है और शराब के नाम पर बड़ा घोटाला किया जा रहा है।

भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा है कि भाजपा सरकार में सिंडिकेट बनाकर शराब घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले का पर्दाफाश राजनांदगांव से शुरू हुआ है, जहां लंबे समय तक प्रभारी मंत्री के तौर पर उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा जिम्मेदारी संभालते रहे हैं।

बघेल ने आरोप लगाया कि शराब दुकानों में सस्ती बियर के कैन पर महंगी बियर का स्टीकर लगाकर बेचा जा रहा है। उनके मुताबिक वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कैन के ऊपर किसी दूसरी कंपनी का स्टीकर लगाया गया है, जबकि अंदर का माल किसी और कंपनी का है।

See also  CG News : सीएम की घोषणा पर प्रदेश के विद्यार्थियों को बस सेवा देने की प्रक्रिया शुरू, देखें लेटर

पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे कमीशन, सेटिंग और संरक्षण का खेल बताते हुए कहा कि शराब के ब्रांड बदलकर करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। बघेल ने इस मामले को लेकर राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘अफीम, शराब और अन्य मामलों पर सरकार की चुप्पी बहुत कुछ बयान कर रही है और जनता सब समझ रही है।‘

भूपेश बघेल ने सवाल उठाते हुए लिखा है कि इस कथित गिरोह का असली सरगना कौन है, यह भी जनता समझ रही है और आखिर सरकार कब तक इस पर चुप रहेगी। इस मामले में अब तक सरकार या फिर भाजपा की ओर से कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है।