टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन आज सदन की कार्यवाही काफी गहमागहमी भरी रहने के आसार हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। इसके पश्चात शाम 6 बजे विधानसभा परिसर में ही मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा की संभावना है।
सदन की कार्यवाही के दौरान आज प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही मंत्री केदार कश्यप और टंक राम वर्मा विधायकों के सवालों के जवाब देंगे। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक स्मार्ट सिटी से जुड़े विषयों को उठाएंगे, वहीं विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव के आय-व्यय का मुद्दा रखेंगे। इसके अतिरिक्त डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री दयाल दास बघेल और राजेश अग्रवाल के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा की जाएगी। सभापति अमर अग्रवाल विभिन्न प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे और विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम व संदीप साहू अपनी याचिकाएं सदन के पटल पर रखेंगे।
राजनीतिक मोर्चे पर कांग्रेस ने अफीम की खेती के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस आगामी 12 मार्च को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भाजपा कार्यालयों का घेराव करेगी। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश के युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है और इस मामले में शामिल आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
राजधानी में आज अन्य प्रमुख आयोजन भी होने जा रहे हैं। पुरानी विधानसभा के प्रेक्षागृह में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 30 जिलों के 150 युवा प्रतिभागी शामिल होंगे। इसी क्रम में नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नारी शक्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। शासकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव स्वच्छता दीदियों और महिला स्व-सहायता समूहों को सम्मानित करेंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ स्वच्छता लीग का भी शुभारंभ किया जाएगा।
शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में, जल संसाधन विभाग के अंतर्गत सहायक मानचित्रकार भर्ती परीक्षा के लिए व्यापमं ने प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। 15 मार्च को होने वाली इस परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को कड़े नियमों का पालन करना होगा। परीक्षा केंद्र पर मूल पहचान पत्र अनिवार्य है और ड्रेस कोड के तहत गहरे रंग के कपड़े व आभूषण पहनना वर्जित किया गया है।



