Air India UAE-Saudi Flights: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और हवाई रूटों पर मची उथल-पुथल के बीच भारतीय यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और सऊदी अरब के लिए 62 अतिरिक्त फ्लाइट्स चलाने का ऐलान किया है। इस फैसले से उन हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो हालिया क्षेत्रीय संकट के कारण खाड़ी देशों के एयरपोर्ट्स पर फंसे हुए थे।

दरअसल, ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव के चलते क्षेत्रीय एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) में काफी रुकावटें आई हैं। कई एयरलाइंस की फ्लाइट्स कैंसल हुई हैं या उनके रूट बदले गए हैं, जिससे भारत और खाड़ी देशों के बीच आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई थी। हालात इतने मुश्किल थे कि यात्रियों को घर वापस लौटने या अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए घंटों इंतज़ार करना पड़ रहा था।
बता दें कि नियमित उड़ानों के अलावा, अब एयर इंडिया ग्रुप एक दिन में लगभग 80 फ्लाइट्स खाड़ी देशों के लिए संचालित करेगा। ये अतिरिक्त उड़ानें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोच्चि और कोझिकोड जैसे बड़े भारतीय हब को सीधे दुबई, अबू धाबी, शारजाह, जेद्दा और रियाद जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ेंगी। इन नॉन-शेड्यूल्ड फ्लाइट्स का मकसद बैकलॉग कम करना और फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाना है।
अधिकारियों ने क्या कहा?
ग्राउंड सूत्रों के अनुसार, एयर इंडिया ग्रुप ने इस क्षेत्र को अपनी प्राथमिकता में रखा है क्योंकि यह भारतीय प्रवासियों के लिए सबसे व्यस्त इंटरनेशनल कॉरिडोर है। एयरलाइन कंपनी नागरिक उड्डयन अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि स्लॉट मिलने में कोई दिक्कत न हो और प्रभावित यात्रियों को जल्द से जल्द उनके डेस्टिनेशन तक पहुंचाया जा सके।
एयर इंडिया का यह कदम न केवल फंसे हुए प्रवासियों के लिए एक एविएशन लाइफलाइन साबित हो रहा है, बल्कि उन व्यापारियों और पर्यटकों के लिए भी राहत लेकर आया है जिनका बिजनेस ट्रिप या जरूरी काम इन पाबंदियों के कारण रुका हुआ था। फ्लाइट्स बढ़ने से टिकट की बढ़ती कीमतों पर भी लगाम लगने की उम्मीद है।


