बीजापुर। जिले के गंगालूर क्षेत्र स्थित आवासीय संस्था पोटा केबिन से जुड़ी एक खबर ने तहलका मचा दिया है।  इस संस्था में पढ़ चुकी तीन छात्राओं के गर्भवती होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि इनमें से दो छात्राएं नाबालिग हैं और सभी करीब पांच माह की गर्भवती बताई जा रही हैं। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से प्रारंभिक जानकारी में यह स्पष्ट किया गया है कि संबंधित छात्राएं वर्तमान में पोटा केबिन की छात्रा नहीं हैं, बल्कि वे पहले इस संस्था में पढ़ चुकी हैं। इसके बावजूद मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

मेडिकल जांच में हुआ खुलासा

बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की नियमित जांच के दौरान इन छात्राओं के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इनके नाम से गर्भवती महिलाओं के लिए बनाए जाने वाले स्वास्थ्य कार्ड भी जारी किए गए हैं।

इस जानकारी के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई और मामला प्रशासन तक पहुंच गया। चूंकि दो छात्राएं नाबालिग बताई जा रही हैं, इसलिए मामले को काफी गंभीर माना जा रहा है।

अधीक्षिका ने किया किनारा


इस पूरे मामले में पोटा केबिन आवासीय संस्था की अधीक्षिका ने अनभिज्ञता जताई है। उनका कहना है कि संबंधित छात्राएं वर्तमान में संस्था में नहीं पढ़ रही हैं, इसलिए उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं थी।

See also  स्टूडेंट्स और पैरेंट्स ने कि स्कूल खोलने की मांग! 22 जिलों में किया जा रहा सर्वे

हालांकि यह मामला सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि यदि छात्राएं पहले संस्था में पढ़ती थीं तो उनके हालात और गतिविधियों पर निगरानी कैसे रखी जा रही थी। इस कारण शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

सभी पहलुओं की हो रही है जांच


जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि संबंधित छात्राएं इस समय पोर्टा केबिन की छात्रा नहीं हैं। इसके बावजूद यह पता लगाया जा रहा है कि मामला किन परिस्थितियों में सामने आया और इसमें कौन-कौन जिम्मेदार हो सकते हैं।

जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से जल्द ही आधिकारिक प्रेस रिलीज भी जारी की जाएगी।

See also  CG News : कई स्कूलों में 60% से ज्यादा छात्र फेल, रायपुर जिले का हाल सबसे खराब, अब शिक्षकों पर…