छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 17 मार्च को विधानसभा घेराव का नेतृत्व करेंगे।

टीआरपी। छत्तीसगढ़ की राजनीति में कल बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेतृत्व में ‘मनरेगा बचाओ’ और स्थानीय जनहित के मुद्दों को लेकर 17 मार्च को विधानसभा का घेराव किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता सचिन पायलट विशेष रूप से शामिल होकर हुंकार भरेंगे।

बजट सत्र के दौरान विपक्षी दल का यह सड़क पर उतरना सरकार पर दोहरा दबाव बनाने की रणनीति है। मनरेगा जैसे ग्रामीण रोजगार से जुड़े मुद्दे और धर्मांतरण कानून जैसे संवेदनशील विषयों पर कांग्रेस सीधे जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की कोशिश में है।

सचिन पायलट का पूरा शेड्यूल और रणनीति


सचिन पायलट कल सुबह 10:15 बजे नियमित विमान से दिल्ली से रवाना होंगे और दोपहर 12:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे भारत माता चौक जाएंगे, जहां प्रदेश भर से जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता और दिग्गज नेता एकजुट होकर विधानसभा घेराव के लिए कूच करेंगे।

आंदोलन के बाद, दोपहर 3:00 बजे पायलट प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। इस बैठक में आगामी चुनावी रणनीतियों और सदन के भीतर सरकार को घेरने की योजना पर गहन चर्चा होगी।

See also  19 जुलाई से प्रदेश के सभी कोर्ट में रोजाना होगी सुनवाई, HC ने जारी किया आदेश

सदन से सड़क तक सरकार को घेरने की तैयारी


वर्तमान में छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजेट सत्र चल रहा है, जो 23 मार्च तक प्रस्तावित है। विपक्षी दल के रूप में कांग्रेस पहले से ही अफीम की खेती और धान भंडारण जैसे विषयों पर सरकार पर हमलावर है। कल सदन में धर्मांतरण रोकने वाला कानून पेश होने की भी संभावना है, जिससे राजनीतिक पारा और चढ़ना तय है।

कांग्रेस की इस घेराबंदी और सदन के भीतर विधायकों के कड़े रुख से सरकार के लिए बजट सत्र के शेष दिन चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।