बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 का प्रारंभिक स्थल जगदलपुर

टीआरपी। बस्तर की शांत वादियों में 22 मार्च 2026 को एक नया इतिहास रचा जाएगा। जगदलपुर के लाल बाग मैदान से शुरू होकर एशिया के नियाग्रा कहे जाने वाले चित्रकोट जलप्रपात तक आयोजित होने वाली ‘बस्तर हेरिटेज मैराथन’ में इस बार हिंसा का रास्ता छोड़ चुके 200 से अधिक पूर्व माओवादी भी कदमताल करेंगे।

यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि बस्तर की बदलती तस्वीर का वैश्विक विज्ञापन है। पूर्व माओवादियों की भागीदारी “पूना मारगेम” (पुनर्वास से पुनर्जीवन) अभियान की सफलता को दर्शाती है, जिससे स्थानीय युवाओं में मुख्यधारा से जुड़ने का विश्वास बढ़ेगा और बस्तर की छवि ‘युद्ध क्षेत्र’ से बदलकर ‘टूरिज्म हब’ के रूप में स्थापित होगी।

विशेष बात यह है कि बस्तर संभाग (सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कांकेर और कोंडागांव) के स्थानीय धावकों के लिए पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है और उनके लिए अलग से विशेष पुरस्कारों की व्यवस्था भी है।

बंदूकों की जगह अब मेडल जीतने की तैयारी

See also  अंबेडकर अस्पताल के एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट समेत सभी मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में होगा हार्ट का इलाज


इस मैराथन की सबसे मानवीय और प्रेरक तस्वीर वे युवा हैं जो कभी जंगलों के अंधेरों में भटकते थे। दंतेवाड़ा के लोन वर्राटू और शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे ये युवा अब प्रोफेशनल कोचों की देखरेख में कड़ी ट्रेनिंग ले रहे हैं। प्रशिक्षकों के अनुसार, इन युवाओं में गजब का स्टेमिना है, जिसे अब आधुनिक रनिंग तकनीक से तराशा जा रहा है ताकि वे 42 किलोमीटर की फुल मैराथन में अपनी जीत का परचम लहरा सकें।

25 लाख की इनामी राशि और श्रेणियां


प्रशासन ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कुल 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा की है। मैराथन को चार प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है:

42 कि.मी. (फुल मैराथन): अनुभवी धावकों के लिए।

21 कि.मी. (हाफ मैराथन): एथलीट्स के लिए।

10 कि.मी. (जूनियर व ओपन): उभरते खिलाड़ियों के लिए।

05 कि.मी. (फन रन): आम नागरिकों और फिटनेस प्रेमियों के लिए।

See also  छत्तीसगढ़ में पहली बार: अपने सीनियर अधिकारी के नाम के आगे नहीं लगाया 'श्री'... IFS अधिकारी के नाम लगी 25000 रु. की पेनल्टी


दिनांक 22 मार्च 2026,

स्थान: प्रारंभ: लाल बाग (जगदलपुर)

समापन: चित्रकोट जलप्रपात।

कुल पुरस्कार: 25 लाख रुपये।

सहभागिता: 200+ पुनर्वासित माओवादी कैडर और देशभर के पेशेवर एथलीट।

हेल्पलाइन: रजिस्ट्रेशन हेतु आधिकारिक वेबसाइट www.bastarheritage.run या हेल्पलाइन 92440-79533 जारी।


मैराथन के सफल आयोजन के बाद बस्तर को स्पोर्ट्स टूरिज्म के राष्ट्रीय मानचित्र पर लाने की तैयारी है। 22 मार्च को जब ये धावक चित्रकोट की फिनिश लाइन को छुएंगे, तो वे केवल दौड़ पूरी नहीं करेंगे, बल्कि शांति और प्रगति के एक नए अध्याय की शुरुआत करेंगे।