टीआरपी डेस्क। राजधानी रायपुर में गर्मी का पारा चढ़ते ही हादसों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। आज दोपहर आमानाका ओवरब्रिज पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक चलती कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। गनीमत रही कि आग की लपटें विकराल होने से पहले ही चालक ने सूझबूझ दिखाई और गाड़ी रोककर बाहर निकल गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
देखते ही देखते राख हो गई कार
मिली जानकारी के मुताबिक, कार जैसे ही ओवरब्रिज पर चढ़ी, उसके बोनट से धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी किनारे लगाई और नीचे उतरा। महज चंद मिनटों के भीतर ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का गुबार इतना ऊंचा था कि ब्रिज के दोनों तरफ ट्रैफिक जाम लग गया और आने-जाने वाले राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
यह पूरी घटना सरस्वती नगर थाना क्षेत्र की है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। पुलिस की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है।
गर्मी में बरतें सावधानी
दरअसल, गर्मी का सीजन शुरू होते ही मशीनों और गाड़ियों के ओवरहीट होने के मामले बढ़ जाते हैं। सरस्वती नगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वाहन मालिक से पूछताछ की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि भीषण गर्मी में अपनी गाड़ियों की वायरिंग और कूलेंट की जांच नियमित रूप से कराते रहना चाहिए ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।


