रायपुर। छत्तीसगढ़ के आस्था के केंद्र खल्लारी माता मंदिर में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की रोपवे ट्रॉली केबल टूटने की वजह से करीब 20 फीट नीचे चट्टानों पर आ गिरी। इस भीषण दुर्घटना में राजधानी रायपुर के राजा तालाब इलाके की रहने वाली 28 वर्षीय युवती आयुषी की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 16 अन्य लोग घायल हुए हैं।

हादसे की खबर मिलते ही महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा, हमारी पहली प्राथमिकता घायलों का बेहतर इलाज है। घटना की बारीकी से जांच कराई जाएगी ताकि तकनीकी खामी और लापरवाही का पता चल सके। मौके पर एसडीएम नमिता मार्कोले और तहसीलदार नितिन ठाकुर सहित भारी पुलिस बल तैनात है।

हादसे का शिकार हुए श्रद्धालुओं की सूची (List of Injured)

प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, घायल श्रद्धालु रायपुर और महासमुंद के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं

  1. राजा तालाब, रायपुर (मृतक एवं घायल) मृतक
    आयुषी (28 वर्ष), घायल- ऋषभ धावरे, छ्यांश और मनस्वी
  2. टिकरापारा, रायपुर
    हेमलाल नागेश्वर, रतन नागेश्वर, हेमिन, हुलसी, पूर्वी, टिया और अमलेश।
  3. दलदल सिवनी, रायपुर
    टोमेश्वरी साहू, कुमेश साहू और हर्ष साहू।
  4. महासमुंद स्थानीय
    गोविंद स्वामी, नमिता स्वामी और अंशुका स्वामी।
See also  Indian Meteorological Department Forecast: राजधानी रायपुर में दिखने लगा ठंड का असर, मैनपाट और चिल्फी घाटी में बढ़ी ठिठुरन

11:00 बजे का वो खौफनाक मंजर

चैत्र नवरात्रि का चौथा दिन होने के कारण मंदिर में पैर रखने की जगह नहीं थी। सुबह करीब 11:00 बजे जब ट्रॉली नीचे उतर रही थी, तभी अचानक केबल टूट गया। ट्रॉली सीधे पहाड़ी की नुकीली चट्टानों से टकराई, जिससे अंदर बैठे लोग लहूलुहान हो गए। स्थानीय नागरिकों और पुलिस ने घायलों को निकालकर तुरंत बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से 4 गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रशासनिक कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल

गौरतलब है कि यह रोपवे इसी साल अप्रैल में पूरी तरह शुरू हुआ था। इतनी जल्दी केबल का टूटना निर्माण करने वाली कोलकाता की कंपनी और मेंटेनेंस टीम पर बड़े सवाल खड़े करता है। एसडीएम नमिता मार्कोले ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार कर रही है।