टीआरपी डेस्क। प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत में सफर करने वालों के लिए इन दिनों एक वीडियो खौफ का सबब बना हुआ है। पटना-टाटा वंदे भारत में परोसे गए खाने और हाल ही में दही में तैरते कीड़ों (Maggots) के वीडियो ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। इसके बाद रेलवे ने न केवल IRCTC पर 10 लाख का जुर्माना लगाया, बल्कि संबंधित वेंडर पर 50 लाख की चपत लगाकर उसका कॉन्ट्रैक्ट भी रद्द कर दिया है।
सोशल मीडिया पर क्यों छिड़ी जंग?
दरअसल, कपिल (@kapsology) नाम के एक यात्री ने जब दही में कीड़े दिखाए, तो ट्रेन स्टाफ ने उसे केसर बताकर टालने की कोशिश की। इसी बात पर जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
सोशल मीडिया पर भड़के लोग
लोगों ने कमेंट करते हुए कहा कि क्या ₹3000 का टिकट लेकर हम एक्स्ट्रा प्रोटीन (कीड़े) खाने आते हैं? रेलवे को शर्म आनी चाहिए। वहीं एक यूजर ने कहा कि स्टाफ तो कीड़ों को केसर बता रहा है, कल को कंकड़ को काजू बता देंगे!
रेलवे की सफाई, सिर्फ 0.0008% शिकायतें
इधर, बवाल बढ़ता देख रेलवे के प्रवक्ताओं ने आंकड़े जारी किए हैं। प्रशासन का कहना है कि रेलवे सालाना 58 करोड़ मील परोसता है और शिकायतों का प्रतिशत बेहद कम है। लेकिन जनता पूछ रही है कि क्या वह 0.0008% कोई इंसान नहीं हैं?
नियमों हुए सख्त
अब खाने के पैकेट पर QR कोड होगा जिससे पता चलेगा कि खाना किस किचन में और कब बना है। किचन में अब चप्पे-चप्पे पर कैमरे होंगे ताकि कोई लापरवाही न हो। रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े स्टेशनों पर अब अधिकारी अचानक ट्रेन में चढ़कर खाने का स्वाद चखेंगे।



