रायपुर/दुर्ग। भीषण गर्मी के मौसम में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और वेटिंग लिस्ट को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने दुर्ग और हरिद्वार के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 11-11 फेरों के लिए परिचालित की जाएगी, जिससे छत्तीसगढ़ से उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में आसानी होगी।
ट्रेन की समय-सारणी और संचालन अवधि
गाड़ी संख्या 08743 (दुर्ग से हरिद्वार) 19 अप्रैल से 28 जून 2026 तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। ये ट्रेन दुर्ग से सुबह 11:00 बजे निकलेगी। जो अगले दिन (सोमवार) शाम 17:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 08744 (हरिद्वार से दुर्ग) 20 अप्रैल से 29 जून 2026 तक प्रत्येक सोमवार को हरिद्धार से चलेगी। हरिद्वार से शाम 18:55 बजे निकलेगी और बुधवार तड़के 03:00 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव और समय
यह स्पेशल ट्रेन छत्तीसगढ़ और उत्तर भारत के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को जोड़ेगी। इस ट्रेन का रायपुर , भाटापारा, उसलापुर (बिलासपुर), पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा और दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) जैसे बड़े स्टेशनों पर स्टॉपेज रहेगा।
कोच संरचना (Coach Composition)
यात्रियों की सुविधा के लिए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। एसी-III (AC-3 Tier): 2 कोच, स्लीपर (Sleeper) 10 कोच, जनरल (General) 04 कोच और एसएलआरडी (SLRD) के 2 कोच ट्रेन में लगेगे।
दरअसल, रायपुर स्टेशन पर हरिद्वार से वापसी के दौरान इस ट्रेन का समय रात 01:40 बजे रहेगा। समर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा से उन यात्रियों को बड़ी राहत मिली है जो लंबी दूरी की यात्रा के लिए नियमित ट्रेनों में जगह नहीं पा रहे थे।



