टीआरपी डेस्क। आईपीएल (IPL 2026) के शुरुआती पांच मुकाबलों ने क्रिकेट प्रेमियों को असमंजस में मजबूर कर दिया है। अब तक खेले गए सभी मैचों में एक ही सिलसिला देखने को मिला है। जिस भी कप्तान ने टॉस जीता, जीत उसी की झोली में गिरी। कल लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भी यही कहानी दोहराई गई, जहाँ दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से धूल चटा दी।
टॉस बना जीत की गारंटी?
दरअसल, इस बार आईपीएल में ओस (Dew Factor) और पिचों का मिजाज कुछ ऐसा है कि टॉस हारना हार की पहली सीढ़ी साबित हो रहा है। अब तक के सभी 5 मैचों के परिणाम एक ही रहे हैं।
देखें अब तक का रिकॉर्ड:
- मैच 1: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने टॉस जीता और हैदराबाद को रौंद दिया।
- मैच 2: मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर केकेआर को शिकस्त दी।
- मैच 3: राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीता और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज की।
- मैच 4: पंजाब किंग्स ने टॉस जीता और गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराया।
- मैच 5: दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीता और लखनऊ के खिलाफ बाजी मारी।
अक्षर पटेल की चतुराई और लखनऊ की हार
गौरतलब है कि दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतने के बाद पिच को पढ़ने में कोई गलती नहीं की। उन्होंने लखनऊ को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया और दिल्ली के गेंदबाजों ने मेजबान टीम को कम स्कोर पर रोक दिया। अंत में दिल्ली ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
क्या कहता है गणित?
बता दें कि क्रिकेट के जानकारों का मानना है कि शाम के समय ओस गिरने की वजह से बाद में गेंदबाजी करना मुश्किल हो रहा है। अगर यही सिलसिला जारी रहा, तो मैच का फैसला पिच पर कम और टॉस के वक्त ही ज्यादा होने लगेगा। अब सबकी नजरें आज के मैच पर हैं, क्या आज कोई टीम टॉस हारकर भी मैच जीत पाएगी?



