रायपुर। एक माह पहले महादेव घाट क्षेत्र में कांग्रेस नेता और अन्य की दो कारों में आग लगाने के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। प्रमुख साजिशकर्ता समेत तीन अन्य साथी अभी फरार हैं। सभी ने दुर्ग से आकर आग लगाई थी, और जी.पी.एस. लोकेशन के आधार पर घर के पास खड़ी कारों को चिन्हित किया था।

रायपुर में फरवरी 2026 के अंत में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विनोद कश्यप (भक्कू) के घर के बाहर खड़ी दो कारों को अज्ञात बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया था। इस घटना के बाद राजनीति गरमा गई। डीडी नगर थाना क्षेत्र की इस घटना के बाद कांग्रेस ने राजनीतिक दबाव का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। इस बीच पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।

आरोपियों की पहचान के बाद पुलिस ने भिलाई में किया कैंप
डी.डी. नगर पुलिस के अनुसार आरोपी कार को आग के हवाले करने के बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गए। इसकी जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीव्ही फुटेज एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने भिलाई क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक कैम्प कर दबिश दी।
सुनियोजित षडयंत्र के तहत वारदात को दिया अंजाम
आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने खुलासा किया कि यह घटना पूर्व नियोजित थी। मुख्य साजिशकर्ता राहुल वर्मा के निर्देश पर आरोपी दुर्ग से रायपुर आए थे। उन्होंने मास्क एवं ग्लब्स पहनकर पैशन प्रो मोटरसाइकिल से घटनास्थल पहुंचकर जीपीएस लोकेशन के माध्यम से विनोद कश्यप के घर के पास खड़ी कारों की पहचान की।
इसके बाद आरोपी लिमेश उर्फ निम्बु ठाकुर ने पेट्रोल डालकर दोनों कारों में आग लगा दी, जबकि मुकेश कुमार सिंह एवं इमरान खान ने सफेद रंग की स्विफ्ट कार से सहयोग किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वापस दुर्ग भाग गए। आग लगाने वाले मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

वारदात करने की ये थी वजह
पुलिस इस मामले में फरार वारदात के सूत्रधार राहुल वर्मा एवं उसके सहयोगियों की तलाश कर रही है। इस घटना को लेकर TRP NEWS से चर्चा करते हुए विनोद कश्यप (भक्कू) ने बताया कि लगभग साल भर पहले हुए एक मामूली विवाद को लेकर दुर्ग के राहुल वर्मा ने इस वारदात को अंजाम दिया। विनोद के मुताबिक मामला महज दो पक्षों के बीच विवाद को लेकर था, जिसमें वे एक पक्ष के सहयोग के बतौर गए थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहा–सुनी हुई थी। विनोद ने कहा कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि छोटे से विवाद को राहुल इतनी गंभीरता से लेगा। बताया जा रहा है कि राहुल वर्मा क्रांति सेना के राजनीतिक दल जोहार पार्टी का दुर्ग जिला अध्यक्ष है।
गिरफ्तार आरोपी
01. मुकेश कुमार सिंह उर्फ पंचर, पिता शेष नारायण सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी मैत्री बाघ चौक, मरोदा, भिलाई।
02. इमरान खान, पिता सलाउद्दीन खान, उम्र 25 वर्ष, जवाहर नगर, कोहका, भिलाई
03. लिमेश उर्फ निम्बु ठाकुर, पिता संत राम ठाकुर, उम्र 25 वर्ष, निवासी रिसाली सेक्टर, भिलाई,



