टीआरपी डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें संस्करण का रोमांच आज दोगुना होने वाला है। आज सीजन का पहला डबल हेडर है, जिसमें चार दिग्गज टीमें उतरेंगी। दोपहर में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस की भिड़ंत होगी, वहीं शाम के मुकाबले में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
दोपहर का मुकाबला: दिल्ली बनाम मुंबई (दोपहर 3:30 बजे)
दोपहर का मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। खास बात यह है कि दोनों ही टीमें अपने पिछले मुकाबले जीतकर यहाँ पहुंची हैं। जहाँ मुंबई के बल्लेबाजों ने पिछले मैच में रन बरसाए थे, वहीं दिल्ली की ताकत उनकी घातक गेंदबाजी रही है।
टॉप ऑर्डर दिल्ली के लिए फेल
दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे बड़ी चिंता उनका शीर्ष क्रम है। पिछले मैच में लखनऊ के खिलाफ 142 रनों का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद शर्मनाक रही थी। कप्तान केएल राहुल पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए थे, जबकि नीतीश राणा और पथुम निसांका भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। अगर दिल्ली को बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे दिग्गजों का सामना करना है, तो ओपनिंग में पृथ्वी शॉ जैसे विकल्पों पर गंभीरता से विचार करना होगा।
आत्मविश्वास से लबरेज मुंबई की ‘पलटन’
बता दें कि मुंबई इंडियंस इस बार अलग ही रंग में नजर आ रही है। कोलकाता को हराकर टीम ने पहले मैच में हारने के अपने 14 साल पुराने सिलसिले को खत्म कर दिया है। रोहित शर्मा (78 रन) और रेयान रिकेल्टन (81 रन) की शानदार फॉर्म दिल्ली के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती होगी।
दोनों टीमों की संभावित ‘धाकड़’ प्लेइंग-11:
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी/आशुतोष शर्मा, विप्रज निगम, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, टी नटराजन।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मयंक मारकंडेय, ट्रेंट बोल्ट।
शाम का मुकाबला: गुजरात बनाम राजस्थान (शाम 7:30 बजे)
शाम को होने वाले दूसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान ने अपने पिछले मैच में चेन्नई को करारी शिकस्त दी थी। दूसरी ओर, शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस को पंजाब के हाथों हार झेलनी पड़ी थी। गुजरात आज हर हाल में सीजन की पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (C), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, अशोक शर्मा।
राजस्थान रॉयल्स: वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (C), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, ब्रिजेश शर्मा।



