मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। वनमंडल मनेंद्रगढ़ के उपवनमंडल जनकपुर अंतर्गत बीट बरछा क्षेत्र में एक तेंदुआ भोजन की तलाश में रिहायशी इलाके में प्रवेश कर गया। अचानक तेंदुए के गांव में घुस आने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वह खेत में बने एक गहरे कुएं में गिर गया।

इस घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग तत्काल सक्रिय हो गया। वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष रेस्क्यू टीम का गठन किया गया। टीम बिना देर किए रात के समय ही मौके पर पहुंची और पूरी सतर्कता एवं सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ किया।

तेंदुए को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत और रणनीतिक प्रयासों के बाद बांस और लकड़ियों का सीढ़ीनुमा बेस तैयार किया और कुएं में डाल दिया गया। कुछ ही देर बाद तेंदुआ इसके सहारे ऊपर चढ़ा और बाहर निकल कर जंगल की ओर भाग गया। इस दौरान ग्रामीण और वन अमला दूरी पर मौजूद रहा। इस तरह रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वन विभाग की टीम ने पूरी सतर्कता बरती, जिससे न तो तेंदुए को कोई नुकसान हुआ और न ही किसी ग्रामीण को कोई हानि पहुंची।

See also  अपराधगढ़ बनता रायपुर : राजधानी में लिफ्ट मांगना जानलेवा साबित हुआ कॉलेज स्टूडेंट के लिए, बाइक सवारों ने इस कदर मारा कि हो गई मौत…

रेस्क्यू के बाद तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में जंगल की ओर भाग गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते सुरक्षित कार्रवाई की जा सके।