रायपुर। Bhagwat Thwait Wanted Poster Baloda Bazar: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। कसडोल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष भागवत थवाईत पर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। आरोपी नेता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बाकायदा वांटेड पोस्टर भी जारी किए हैं।

तलवारें लहराईं और कट्टे से फायरिंग के आरोप

दरअसल, यह पूरा विवाद मंगलवार को शुरू हुआ जब भागवत थवाईत ने अपने साथियों के साथ ग्रामीणों की जमकर पिटाई कर दी। मामला यहीं नहीं रुका, बुधवार रात कटगी स्थित सर्वा मोड़ के पास आरोपी और उसके गुर्गों ने जमकर हुड़दंग मचाया। ग्रामीणों का आरोप है कि ढाबा संचालक पिता-पुत्र ने दहशत फैलाने के लिए नंगी तलवारें लहराईं और कथित तौर पर कट्टे से फायरिंग की भी कोशिश की।

गुस्साई भीड़ ने पिता को पकड़ा, गांव बना छावनी

ग्राउंड सूत्रों ने बताया कि आरोपी नेता की गुंडागर्दी से ग्रामीण इस कदर आक्रोशित हो गए कि उन्होंने आरोपी के पिता को खुद पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद ग्राम पंचायत कटगी में तनाव चरम पर है। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने वहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पूरा इलाका इस वक्त पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है।

See also  तेंदूपत्ता घोटाले में बड़ी कार्रवाई; EOW-ACB ने 11 आरोपी गिरफ्तार, वनकर्मियों और समिति प्रबंधकों पर गिरी गाज

अवैध शराब और पुलिस की सुस्ती पर सवाल

गौरतलब है कि नेशनल हाईवे किनारे स्थित इस ढाबे में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को बार-बार सूचना दी गई, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई। थाना शहर से महज 10 किलोमीटर दूर इतनी बड़ी वारदात हो गई और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग और कार्यप्रणाली अब सवालों के घेरे में है।

इस घटना ने बलौदा बाजार के शांत माहौल को पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। एक राजनीतिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की हिंसा करना न केवल कानून का डर खत्म होने का संकेत है, बल्कि आम जनता में भी असुरक्षा पैदा कर रहा है। कसडोल और आसपास के इलाकों में लोग अब रात को बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। अगर पुलिस ने जल्द ही मुख्य आरोपी को नहीं पकड़ा, तो ग्रामीणों का गुस्सा उग्र आंदोलन का रूप ले सकता है।

See also  सेंध और झांझ जलाशयों की तबाही पर वेटलैंड प्राधिकरण सख्त, कोर्ट में शिकायत के आदेश, कई अफसरों की फंसेगी गर्दन