नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए 8वें वेतन आयोग के गठन की चर्चाओं के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। वेतन आयोग ने अपनी रिसर्च और एनालिसिस टीम को मजबूत करने के लिए विभिन्न पदों पर भर्ती निकाली है। खास बात यह है कि इस टीम का हिस्सा बनने वाले विशेषज्ञों को 1.80 लाख रुपये प्रति माह तक का वेतन दिया जाएगा।
आयोग ने रिसर्च टीम के लिए सीनियर कंसल्टेंट, कंसल्टेंट और यंग प्रोफेशनल के पदों पर आवेदन मांगे हैं। यह भर्तियां पूरी तरह कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर होंगी, जिसमें फुल टाइम और पार्ट टाइम दोनों तरह के विकल्प दिए गए हैं। चयनित उम्मीदवारों को केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और पेंशन से जुड़ी सिफारिशें तैयार करने के लिए शोध और आंकड़ों का विश्लेषण करना होगा।
पदों का विवरण और योग्यता
आयोग ने सीनियर कंसल्टेंट के 5 पदों के लिए 10 साल का अनुभव और 45 साल की उम्र सीमा तय की है। वहीं, कंसल्टेंट के 5 पदों के लिए 6 साल का अनुभव और 40 साल तक की आयु सीमा रखी गई है। यंग प्रोफेशनल के 10 पदों के लिए 4 साल का अनुभव और अधिकतम 32 साल की उम्र वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
सैलरी स्ट्रक्चर
सीनियर कंसल्टेंट को फुल टाइम काम के लिए 1.80 लाख रुपये मिलेंगे। यदि कोई महीने में 12 दिन काम करता है तो उसे 90 हजार और 6 दिन काम करने पर 45 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसी तरह कंसल्टेंट पद के लिए फुल टाइम सैलरी 1.20 लाख रुपये और यंग प्रोफेशनल के लिए 90 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इनमें भी पार्ट टाइम काम के आधार पर वेतन के अलग-अलग स्लैब बनाए गए हैं।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की समीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चयन समिति का निर्णय अंतिम होगा और वह किसी भी आवेदन को बिना कारण बताए रद्द करने का अधिकार रखती है। इस भर्ती का मुख्य उद्देश्य वेतन आयोग की सिफारिशों को डेटा और रिसर्च के आधार पर सटीक बनाना है।



