छत्तीसगढ़ के रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) के अध्यक्ष संजय शुक्ला को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक भाजपा नेता द्वारा की गई शिकायत के बाद मामला सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक पहुंच गया है। शिकायत में बड़े पैमाने पर जमीन सौदों और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएमओ ने राज्य शासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं। शिकायत में राजधानी के महंगे इलाकों में जमीन खरीद-बिक्री और संपत्तियों से जुड़े कई बिंदुओं का जिक्र किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने दस्तावेजों के साथ यह भी दावा किया है कि कुछ बड़े फैसलों में नियमों की अनदेखी की गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है।
इधर, इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई संभव मानी जा रही है। फिलहाल सबकी नजर इस रिपोर्ट और जांच के नतीजों पर टिकी हुई है।


