टीआरपी डेस्क। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के चांसलर अशोक मित्तल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में मित्तल के गुरुग्राम, जालंधर और पंजाब स्थित आठ से नौ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।

यूनिवर्सिटी फंड में गड़बड़ी की आशंका

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई यूनिवर्सिटी के फंड से संबंधित संदिग्ध वित्तीय अनियमितताओं और धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) की जांच के सिलसिले में की जा रही है। जांच एजेंसी को संदेह है कि यूनिवर्सिटी के धन का उपयोग संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों में किया गया है। इसी आधार पर ईडी ने साक्ष्यों को जुटाने के लिए यह तलाशी अभियान शुरू किया है।

परिजनों के ठिकानों पर भी दबिश

ईडी की टीमों ने न केवल अशोक मित्तल, बल्कि उनके बेटे और अन्य करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर भी दबिश दी है। सुबह से ही शुरू हुई इस कार्रवाई में जांच एजेंसी के अधिकारी दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक हैं और आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सदस्य हैं।

See also  Youth Congress President : छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस में बड़ा बदलाव! 11 नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति, देखें लिस्ट…

राजनीतिक और शैक्षणिक जगत में हड़कंप

सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर हुई इस छापेमारी के बाद राजनीतिक और शैक्षणिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। अभी तक इस मामले में सांसद या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ईडी की टीम जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट करेगी कि इस छापेमारी में क्या अहम दस्तावेज या सबूत हाथ लगे हैं।