कबीरधाम। कवर्धा में एक व्यापारी और उनकी पत्नी व दो बच्चों ने जहर का सेवन कर लिया। इन सभी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि करोड़ों के कर्ज के चलते व्यापारी ने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने मौके से तीन पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है। मामले में पुलिस द्वारा जाँच की जा रही है। पीड़ित व्यापारी का नाम योगेश जैन है।
व्यापारी को जान से मारने की मिल रही थी धमकी
यह घटना कवर्धा थाना क्षेत्र की है। जब्त सुसाइड नोट में लिखा है कि व्यापारी पर 4 करोड़ का कर्ज है। लेनदारों द्वारा रूपए वापस करने को लेकर उसके ऊपर दबाव बनाया जा रहा था। व्यापारी को रुपये वापस नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इन सभी बातों से तंग आकर उसने परिवार के साथ जहर का सेवन कर लिया।
वहीं, इस पूरे मामले की पूछताछ के लिए पुलिस पीड़ितों के होश में आने का इंतजार कर रही है। व्यापारी परिवार से पूछताछ के बाद मामले में आगे की जांच कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।
इस घटना को लेकर कवर्धा थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि व्यापारी का नाम योगेश जैन है। व्यापारी के भाई द्वारा पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। होश में आने के बाद व्यापारी से बयान लिया जाएगा। घटनास्थल को सील कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।



